दिबियापुर (औरैया)। बाढ़ और अतिवृष्टि से प्रभावित औरैया समेत 42 जिलों के लाखों किसानों के लिए 159.29 करोड़ रुपये की धनराशि शासन से स्वीकृत की गई है। इसकी जानकारी मुख्यमंत्री आफिस के ट्विटर हैंडल से दी गई। अब जल्द ही प्रभावित किसानों को सहायता मिलने की उम्मीद जगी है।
बीते माह में हुई बेमौसम बरसात व बाढ़ के कारण जिले के कई हिस्सों में किसानों की फसलें डूब गईं थीं। किसानों के साथ किसान संगठन काफी समय से मदद मुहैया कराने की मांग कर रहे थे। कई बार किसान इसके लिए जिलाधिकारी को ज्ञापन भी सौंप चुके हैं। किसानों की मांग थी कि प्रदेश सरकार हुए नुकसान की जल्द भरपाई करें।
जिससे परेशान किसानों को मदद मिल सके। गुरुवार 28 अक्तूबर की रात लगभग आठ बजे मुख्यमंत्री कार्यालय के विभागीय ट्विटर हैंडल से किए गए दो अलग-अलग ट्वीट के बाद बाढ़ पीड़ित व बेमौसम बरसात के कारण तबाह हो चुके किसानों को उम्मीद की किरण जगी है।
अतिवृष्टि से प्रभावित आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, प्रतापगढ़, औरैया, आंबेडकर नगर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कुशीनगर, लखीमपुर खीरी, गाजीपुर, गोंडा, गोरखपुर, चंदौली, चित्रकूट, जालौन आदि जिलों के 4,77,581 प्रभावित किसानों के लिए 159.29 करोड़ की धनराशि शासन से स्वीकृत की गई है।