औरैया। शासन की ओर से मिशन शक्ति के तहत मेधावी छात्राओं को एक दिन का अधिकारी बनाकर जिले की कमान सौंपी। जिसमें किसी को डीएम तो किसी को एसपी बनाया गया। मेधावियों ने दफ्तर में अफसरों की तरह ही फरियादियों की शिकायतें सुनीं और उनके निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अधिकारी भी उनकी कार्यशैली देखते नजर आए।
शनिवार को शासन के निर्देशों के तहत केंद्रीय विद्यालय एनटीपीसी दिबियापुर की मेधावी सीबीएसई इंटरमीडिएट की छात्रा श्रद्धा ने डीएम की कुर्सी संभाली। इस दौरान श्रद्धा ने मौके पर पहुंचे पीड़ितों की शिकायतें सुनीं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को जल्द मामलों के निस्तारण के निर्देश दिए। शहर के श्रीगोपाल इंटर कालेज की मेधावी इंटरमीडिएट की छात्रा स्नेहा विश्नोई को एक दिन का एसपी बनाया गया। इस मौके पर स्नेहा ने मौके पर फरियाद लेकर पहुंचे सेहुद दिबियापुर निवासी डौली पत्नी जीतू ने पड़ोसी के मारपीट की शिकायत की।
सैय्यदबाड़ा फफूंद निवासी चंदा पत्नी असगर अली ने पति को गायब करने व परिवारीजनों के परेशान किए जाने की शिकायत की। इस मामले में एक दिन की एसपी ने तत्काल संबंधित थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
इसके अलावा समाज कल्याण अधिकारी बनी राधिका मिश्रा ने प्रार्थना पत्र लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतें सुनीं। इसके अलावा एक दिन के अधिकारी बने मेधावियों में गोपाल इंटर कालेज की प्रगति को मुख्य विकास अधिकारी, बाल विकास संस्थान इंटर कालेज बाबरपुर अजीतमल की सृष्टि को मुख्य चिकित्साधिकारी, तिलक इंटर कालेज औरैया की छात्रा पूजा को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी, श्री गोपाल इंटर कालेज औरैया की छात्रा स्नेहा मिश्रा को जिला पंचायत राज अधिकारी बनीं।
श्रीगोपाल इंटर कालेज की छात्रा शिल्पी अग्रवाल को जिला विद्यालय निरीक्षक, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज दिबियापुर की छात्रा स्नेहा शुक्ला को जिला युवा कल्याण अधिकारी, सरस्वती विद्यालय मंदिर इंटर कालेज दिबियापुर की छात्रा भव्या यादव को जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास संस्थान इंटर कालेज बाबरपुर-अजीतमल की छात्रा कृतिका को जिला प्रोबेशन अधिकारी बनाया गया। इस दौरान जिलाधिकारी सुनील कुमार वर्मा ने मेधावियों का हौसला बढ़ाया।
मेधावियों ने दिया समाज सुधार का संदेश
एक दिन के अफसर बनने वाले मेधावियों ने जहां फरियादियों की शिकायतें सुनीं, वहीं अलग-अलग तरह की फरियाद लेकर पहुंचे लोगों को समाज सुधार का संदेश भी दिया। शिकायत सुनने के दौरान एसपी बनीं स्नेहा विश्नोई ने फरियादियों से कहा कि वह लड़ाई-झगड़े में पड़ने के बजाए समाज को सुधारने में ध्यान दें। छोटी बातों को बड़ा करने से मामले बढ़ते है।
औरैया। मिशन शक्ति के तहत बीएसए ने गोपाल इंटर कालेज में कक्षा 11 की छात्रा शिखा को सांकेतिक बीएसए बनाया। सांकेतिक बीएसए शिखा ने चल रही ऑनलाइन रेडिनेस ट्रेनिंग में भी भाग लिया और शिक्षा क्षेत्र में सुधार हेतु आवश्यक बातें भी कहीं। इस दौरान बीएसए व डायट प्राचार्य ने बीएसए शिखा का मनोबल बढ़ाया। बीएसए चंदना राम इकबाल यादव ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत बच्चों का मनोबल बढ़ाने के लिए गोपाल इंटर कॉलेज औरैया में कक्षा दस की छात्रा कुमारी शिखा को एक दिन का सांकेतिक बीएसए नियुक्त किया गया। वहीं शिखा ने कहा मैं बहुत मेहनत करूंगी ताकि वास्तविक बीएसए बन सकूं।