फोटो-24एयूआरपी-5- मृतक की फाइल फोटो। संवाद
- फोटो : AURAIYA
बेला (औरैया)। थाना क्षेत्र के बेला-बिधूना मार्ग पर सिरयावा मोड़ पर तेज रफ्तार वाहन ने साइकिल सवार मजदूर को टक्कर मार दी। मजदूर के सड़क पर गिरते ही वाहन उसे रौंदते हुए निकल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
अछल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम सोहनी निवासी गौरव (27) पुत्र प्रेमनारायण सिरयावा स्थित इंटरलॉकिंग प्लांट में मजदूरी करता था। शनिवार दोपहर वह साइकिल से किसी काम से जा रहा था। सिरयावा मोड़ पर पीछे से आए तेज रफ्तार वाहन ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी। टक्कर से वह सड़क पर गिर गया। पीछे से आ रहे वाहन ने उसे रौंद दिया। हादसा होते ही पास के प्लांट में काम कर रहे मजदूर दौड़ पड़े। साथी मजदूर उसे बेला स्वास्थ्य केंद्र ले जा रहे थे तभी रास्ते में उसकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी पर पहुंचे परिजनों का बुरा हाल था।
मृतक की पत्नी प्रीती ने पुलिस को बताया कि पति मजदूरी कर परिवार का पेट भर रहे थे। उसका एक साल का बेटा है। थाना प्रभारी निरीक्षक पप्पू सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।