बेला(औरैया)। बेला-कानपुर रोड पर फकीरेपुरवा मोड़ के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया है। शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
कानपुर देहात के मलखानपुर रसूलाबाद निवासी नवाब अली का पुत्र रुवाब अली (30) बाइक से अपने साथी कासिम अली के साथ रिश्तेदारी में ऐरवाकटरा जा रहा था। बेला-कानपुर मार्ग पर फकीरेपुरवा के पास पहुंचते ही पीछे से आ रहे तेज रफ्तार वाहन ने टक्कर मार दी।
इससे बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल रुवाब अली की मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों से सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल कासिम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से डॉक्टरों ने सैफई रेफर कर दिया।
थानाध्यक्ष जीवाराम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों से तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।