बिधूना (औरैया)। गोरखपुर से भूसी लादकर गाजियाबाद जा रही डीसीएम गुरुवार की रात बेला-बिधूना मार्ग पर कमलपुर नहर के पास अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इंजन में आग लगने से डीसीएम व भूसी जलकर राख हो गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मैनपुरी जिले के किशनी थाना क्षेत्र के गांव बैसाद निवासी चालक बीरू गुरुवार की देर रात गोरखपुर से डीसीएम में भूसी लादकर गाजियाबाद जा रहा था। बेला-बिधूना मार्ग पर कमलपुर नहर के पास पहुंचते ही डीसीएम अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। गाड़ी का टैंक फटने के साथ इंजन में आग लग गई।
डीसीएम चालक बीरू के मुताबिक जब तक वह कुछ समझ पाता आग भूसी तक आ पहुंच गई और गाड़ी लपटों से घिर गई। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कोतवाली पुलिस के पहुंचने के बाद फायर ब्रिगेड बुलाई गई। फायर ब्रिगेड ने पहुंचकर आग बुझाई, लेकिन तब तक गाड़ी और भूसी जल कर राख हो गई थी।
उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शशिभूषण मिश्रा ने बताया कि रात में डीसीएम में आग लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आग लगने की सही वजह का पता लगाया जा रहा है। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।