दिबियापुर (औरैया)। औरैया-दिबियापुर मार्ग पर रविवार की रात अज्ञात बेकाबू वाहन की टक्कर से बाइक सवार राजमिस्त्री की मौत हो गई। वह एक निर्माणाधीन मकान में काम खत्म कर घर लौट रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
औरैया-दिबियापुर मार्ग पर रविवार की रात लगभग 10:30 बजे बाइक सवार युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायल को दिबियापुर सीएचसी में पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एनटीपीसी चौकी इंचार्ज नीरज शर्मा ने बताया कि मृतक की शिनाख्त थाने के पीछे रहने वाले राज मिस्त्री विनोद कुमार राजपूत के रूप में हुई है। वह औरैया-दिबियापुर मार्ग पर एक निर्माणाधीन मकान में खत्म कर लौट रहा था। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।