अजीतमल (औरैया)। मोबाइल लूटने व चेन स्नेचिंग के मामले में दो शातिर लुटेरों को अजीतमल पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूट का मोबाइल, नगदी व जेवर बरामद हुए हैं। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया है।
शुक्रवार देर रात अजीतमल कोतवाली पुलिस क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी बीच बाबरपुर-अटसू मार्ग पर जा रहे बाइक सवारों को संदिग्ध होने पर रोका तो वह भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। पुलिस ने उनके पास से तमंचा व एक कारतूस के अलावा 14 अगस्त को बरूआई गांव निवासी युवक से लूटा हुआ मोबाइल बरामद किया है। पुलिस अधीक्षक अपर्णा गौतम ने बताया कि पकड़े गए आरोपी कुलदीप सिंह कंजड़ व सरजू निवासीगण थाना बकेवर के गांव कुंदनपुर जिला इटावा हैं।
उन्होंने बताया कि कई थाना क्षेत्रों में इनके खिलाफ मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी कई बार जेल भी जा चुके हैं। आरोपी कुलदीप के पास से अवैध तमंचा, दो कारतूस, लूटा गया एक मोबाइल व छह सौ रुपये तथा एक बाइक बरामद हुई है। जबकि दूसरे आरोपी सरजू के पास से लूटा गया कुंडल, एक हजार रुपये व एक बाइक बरामद हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में कोर्ट भेज दिया गया है।