फफूंद (औरैया)। कस्बा स्थित बाजार में शनिवार शाम अचानक दिबियापुर पुलिस ने छापा मारा और दो सराफा कारोबारियों को पकड़ ले गई। दोनों पर चोरी के जेवर खरीदने का आरोप है।
शनिवार शाम दिबियापुर थाना पुलिस ऑटो में सवारियों के जेवर चोरी होने के मामले में पकड़े गए टप्पेबाजों के साथ कस्बे के मुख्य बाजार चमनगंज पहुंची। यहां एक नामचीन ज्वैलर्स के यहां छापा मारा। जहां टप्पेबाज के इशारे पर पुलिस ने दुकान पर बैठे ज्वैलर्स के पुत्र को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पास स्थित एक दुकान पर भी टप्पेबाज के इशारे पर दूसरे दुकानदार को पकड़ा गया।
दिबियापुर थाने के एसआई मोहम्मद शाकिर ने बताया कि पुलिस ने आटो व अन्य वाहनों में सवारियों के जेवर चोरी करने वाले टप्पेबाज पकड़े थे। उन्होंने जेवर फफूंद में ज्वैलर्स को बेचा है। टप्पेबाज की निशानदेही पर ही इन लोगों को पकड़ा गया है। फफूंद से पकड़े गए दोनो लोगों को दिबियापुर पुलिस साथ ले गई।