अजीतमल। क्षेत्र के एक दर्जन गांवों को इटावा से हटाकर औरैया की विद्युत लाइन से जोड़ने और तहसील क्षेत्र में बिजली का लोड कम करने के लिए 132केवी बिजली घर बनना था। इसके लिए पिछले दो वर्ष से जमीन की तलाश की जा रही थी। हाल ही में ग्राम पंचायत पचदेवरा के प्रधान ने ग्राम समाज की 10 एकड़ जमीन चिह्नित कर बिजली विभाग को प्रस्ताव भेजा है। जमीन पर सहमति बनते ही बिजली घर का निर्माण शुरू हो जाएगा। इससे बीहड़ क्षेत्र के लोगों को बिजली संकट से राहत मिलेगी।
तहसील क्षेत्र की ग्राम पंचायत पचदेवरा में गाटा संख्या 354 की 10 एकड़ जमीन को ग्राम सभा ने विद्युत विभाग के लिए प्रस्तावित की है। जगह की तलाश पूरी होने पर 132 केवी बिजली घर की मंजूरी मिलना तय माना जा रहा है।
बता दें कि अभी तक तहसील क्षेत्र के अनंतराम, सौनासी, मुड़ैना रूपशाह, नगला सिमार, नगला नंदन आदि एक दर्जन गांवों को इटावा से बिजली दी जा रही है। इसको लेकर इटावा का बिजली विभाग कई बार औरैया के अधिकारियों को पत्र लिख कर अपने क्षेत्र के गांवों को औरैया से बिजली देने की बात कहता चला आ रहा है।
उपखंड अधिकारी विनोद शुक्ला ने बताया कि अजीतमल विद्युत उपकेंद्र पर पहले से ही काफी अधिक लोड है, फिर भी कुछ गांवों को औरैया जिले से जोड़ने का कार्य किया गया। अगर इन सभी गांवों को औरैया जिले से जोड़ दिया जाएगा तो विद्युत आपूर्ति में परेशानी होगी।
विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिये तहसील क्षेत्र में 132 केवी का एक बिजलीघर तथा मौहारी या अनंतराम में एक 33 केवी का उपकेंद्र खोलने का प्रस्ताव भेजा जा चुका है। इसके लिये मौहारी में जगह की तलाश की जा रही है। 132 केवी के लिए ग्राम पंचायत पचदेवरा में एकमुश्त 10 एकड़ जगह प्रस्तावित की गई है। जमीन मिलने के बाद शीघ्र ही प्रस्ताव स्वीकृति के लिए प्रयास किए जाएंगे।
क्षेत्र के लेखपाल अचिंत मिश्रा ने बताया कि ग्राम पंचायत पचदेवरा के प्रधान रामसुंदर यादव ने मौजा पचदेवरा के गाटा संख्या 354 में चार हेक्टेयर (10 एकड़) जगह बिजली घर के लिए प्रस्तावित कर उपजिलाधिकारी को प्रस्ताव भेजा है। इसके मंजूर होते ही आगे की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।