गला दबाकर की गई थी हत्या
बीबीए प्रथम वर्ष के छात्र यश मित्तल की हत्या उसके दोस्तों ने गला दबाकर की थी, इतना ही नहीं उसकी बेरहमी के साथ पिटाई भी की गई थी। इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। तीन डॉक्टरों के पैनल ने बृहस्पतिवार की सुबह शव का पोस्टमार्टम किया। वीडियोग्राफी भी कराई गई। जिसके बाद परिजनों ने ब्रजघाट में गंगा घाट पर छात्र के शव का अंतिम संस्कार कर दिया है। मृतक यश मित्तल के पिता प्रदीप मित्तल गजरौला में बिजली उपकरणों के बड़े कारोबारी हैं।
यश मित्तल बैनेट यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में रहकर पढ़ता था। 26 फरवरी की शाम 6.30 बजे वह हॉस्टल से बाहर गया था। इसके एक घंटे के बाद उसका फोन बंद हो गया था। 27 फरवरी को उसके पिता के मोबाइल पर एक मैसेज आया था जिसमें छह करोड़ रुपये मांगे गए थे। प्रदीप मित्तल ने इस संबंध में दादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने यश के मोबाइल की लोकेशन और कॉल डिटेल के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
एक के बाद एक कड़ी जोड़ती हुई दादरी पुलिस बुधवार की शाम गजरौला पहुंच गई। पुलिस ने यहां के तिगरिया भूड़ में रहने वाले रचित नागर को भी गिरफ्तार कर लिया। रचित की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को ग्रामीणों के विरोध का भी सामना करना पड़ा। रचित की निशानदेही पर पुलिस ने तेवा फैक्टरी के सामने खेत में गड्ढे से यश का शव बरामद कर लिया था।