गजरौला। फायर ब्रिगेड में तैनात सिपाही की पत्नी ने ससुराल वालों पर सरकारी आवास से ताला तोड़कर दस हजार रुपये की नकदी, सोने चांदी के आभूषण, रसोई का सामान चोरी कर ले जाने का आरोप लगाया है। घटना के छह दिन बाद भी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।
मुजफ्फरनगर के शाहपुर थानाक्षेत्र के भरतिया निवासी रूपेश दमकल विभाग में फायर मैन है। उसकी तैनाती गजरौला फायर स्टेशन पर थी। इस बीच उसने 15 दिसंबर-2020 को कोर्ट मैरिज मुजफ्फरनगर निवासी युवती के साथ कर ली। वह फायर स्टेशन पर मिले सरकारी आवास में पत्नी के साथ रहने लगा। करीब दो महीने पत्नी के साथ रहने के बाद वह 25 फरवरी-2021 को अपनी तबियत खराब बताकर सात दिन की छुट्टी लेकर गांव भरतिया चला गया। इसके बाद न तो ड्यूटी पर आया और न ही सरकारी आवास पर गया। आरोप है कि 26 अक्तूबर को विवाहिता अपनी दवाई लेने मेरठ गई थी।
उसका आरोप है कि दिन में दोपहर ढाई बजे उसकी ससुराल वाले आए। कमरे का ताला तोड़कर दस हजार रुपये की नकदी, सोने चांदी के आभूषण, सूटकेस, अटैची आदि सामान चोरी कर ले गए। सूचना पाकर यूपी-112 और थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची थी। ताले टूटे होने की वीडियो बनाते हुए थाना पुलिस ने अगले दिन एफआईआर दर्ज करने की बात कही थी, लेकिन छह दिन बीत गए, पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। महिला का आरोप है कि उसे पुलिस के उच्चाधिकारियों से भी नहीं मिलने दिया जा रहा है।