डिडौली(अमरोहा)। कोतवाली पुलिस ने रविवार देर रात गोकशी के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी जावेद को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़कर जिला अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिकी उपचार के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है।
मुठभेड़ रविवार कर रात करीब 12 बजे हुई। एसपी लखन सिंह यादव ने बताया कि निरीक्षक अपराध नरेंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम चौबरिया चौराहे के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार युवक को संदिग्ध मानकर रुकने का इशारा किया गया। उसने रुकने के बजाय बाइक दौड़ा दी। कुछ दूर जाकर बाइक फिसलने के बाद उसने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली जावेद के पैर में लगी और वह मौके पर गिर गया।
तलाशी में उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने बाइक भी कब्जे में ले ली। जावेद कस्बा जोया के मोहल्ला पधानों वाला का निवासी है और डिडौली कोतवाली में दर्ज गोकशी के मामले में वांछित था। पूछताछ में उसने 31 जुलाई की रात जोया क्षेत्र में हुई गोकशी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की है। उसके खिलाफ अमरोहा और मथुरा में कई मुकदमे दर्ज हैं।