गजरौला। दहेज की मांग को लेकर बहन की ससुराल में शिकायत करने पहुंचे मायके वालों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने 12 नामजद समेत कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
नौगावां सादात क्षेत्र के अव्वलपुर निवासी सुमित कुमार के मुताबिक, उसकी बहन बबिता की शादी मार्च 2024 में अहरौला तेजवन निवासी आनंद कुमार से हुई थी। आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये और कार की मांग को लेकर बबिता को प्रताड़ित करते थे। 24 सितंबर को मायके आने पर बबिता ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद सुमित परिजनों के साथ उसकी ससुराल पहुंचा।
आरोप है कि शिकायत करने पर आनंद कुमार, उसके पिता भोलू सिंह, मां संतोष और गांव के लोगों ने मायके वालों को कमरे में बंद कर लाठी-डंडों, फावड़े के हत्थे और धारदार हथियारों से पीटा। अमरोहा देहात के सुनपुरा निवासी कुंवरपाल और अव्वलपुर निवासी महेश गंभीर घायल हो गए। डायल-112 को सूचना देने पर पुलिस पहुंची और उनकी जान बची।
सीओ अंजलि कटारिया ने बताया कि सुमित की तहरीर पर आनंद कुमार, भोलू सिंह, संतोष देवी समेत 12 नामजद और कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।