अमरोहा। उज्ज्वला रसोई गैस के 40,792 लाभार्थियों ने सरकार को जोरदार झटका दिया है। इनके बैंक अकाउंट में सरकार ने 3,11,24,296 रुपये ट्रांसफर किए हैं, लेकिन लाभार्थियों ने रसोई गैस के सिलिंडर नहीं खरीदे हैं। यह लोग सरकार के रुपये दबा कर बैठ गए हैं। वहीं, जिले में अप्रैल में 90,863 लाभार्थियों ने रसोई गैस के सिलिंडर लिए हैं।
पीएम नरेंद्र मोदी के निर्देश के बाद उज्जवला लाभार्थियों को रसोई गैस सिलिंडर की कीमत के रुपये बैंक अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए गए। ताकि लॉक डाउन में रसोई गैस के लिए परेशान नहीं होना पड़े। जिले में विभिन्न तेल-गैस कंपनियों के उज्जवला योजना के 1,31,645 उपभोक्ता हैं। इन लाभार्थियों के अकाउंट में 763 रुपये की दर से रुपये ट्रांसफर किए गए, इसके बाद इन लोगों को 30 अप्रैल तक बुकिंग करनी थी, लेकिन जिले में विभिन्न तेल कंपनियों के 90,863 लोगों ने रसोई गैस के लिए बुकिंग कराई। इसके बाद इन लोगों को दो से तीन मई तक सप्लाई कर दी गई है, लेकिन 40792 लाभार्थियों ने रुपये मिलने के बावजूद रसोई गैस के लिए बुकिंग तक नहीं की है।
जून में भी नहीं मिलेंगे सिलिंडर के रुपये
अमरोहा। उज्जवला लाभार्थियों केे जून तक कुल तीन महीने रसोई गैस के लिए रुपये ट्रांसफर करने का वादा किया है। मई में 90 प्रतिशत लोगों के अकाउंट में रुपये ट्रांसफर कर दिए गए हैं। लाभार्थियों को 580 रुपये की दर से अकाउंट में भेजे गए हैं। बाकी लोगों के अकाउंट में ट्रांसफर किए जाने हैं। वहीं जिन लोगों ने अप्रैल में रसोई गैस नहीं लिया है। इन लोगों को मई के अलावा जून में भी रुपये नहीं मिलेंगे।
कुछ गरीब हैं लेकिन इतनी संख्या ...
अमरोहा। रसोई गैस नहीं लेने वालों में कुछ लोग गरीब हैं, लेकिन लाभार्थियों की 40,792 संख्या पर सवाल खड़े कर रहा है। इन लोगों ने किसी तरह राशन का इंतजाम किया। चर्चा है कि यह लोग लकड़ी के चूल्हे पर खाना पका रहे हैं।
कंपनी कुल ग्राहक
इंडियन ऑयल 56882
भारत पेट्रोलियम 42261
हिंदुस्तान पेट्रोलियम 32502
गैस कंपनी वार लिए गए सिलिंडर
कंपनी कुल ग्राहक सिलिंडर लेने वाले
इंडियन ऑयल 56882 39171
भारत पेट्रोलियम 42261 30385
हिंदुस्तान पेट्रोलियम 32502 21307
जिले में विभिन्न गैस कंपनियों के कुल 1,31,645 उज्जवला योजना के उपभोक्ता हैं। लाभार्थियों को 763 रुपये की दर से अकाउंट में ट्रांसफर किए गए हैं। इनमें कुल 90863 लाभार्थियों ने रसोई गैस लिया है। - रोहित कुमार, नोडल अफसर, उज्जवला योजना।