अमरोहा। बिजली निगम ने उपभोक्ताओं को बिल में 100 प्रतिशत ब्याज माफी के लिए अंतिम मौका 30 नवंबर तक है। महकमे के 41 दिनों के अभियान के दौरान महज 16,985 बकाएदारों ने लाभ उठाया है। इसके चलते बिजली निगम को 9.69 करोड़ रुपये की आय हुई है। फिलहाल 2.30 लाख उपभोक्ताओं को लाभ दिलाना महकमे के लिए चुनौती बन गई है।
जिले के चारों वितरण खंड में 2,47,099 बिजली उपभोक्ता चिह्नित हुए थे, जिन्होंने 287.19 करोड़ रुपये की बिजली जलाई, इसमें ब्याज के 131 करोड़ भी शामिल हैं, लेकिन बिल जमा करने में आनाकानी करने लगे। बिजली निगम ने 20 अक्तूबर को एक मुश्त समाधान योजना लागू की। इसके तहत दो किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ता को बकाए पर 100 प्रतिशत ब्याज माफ हो रहा था। इसके साथ ही छह किस्तों में बिल जमा करने की सहूलियत दी गई। उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए ऑनलाइन बिल जमा करने की सुविधा है।
ये हैं बकाएदार
अमरोहा प्रथम 47,807
अमरोहा द्वितीय 50,981
गजरौला प्रथम 56,193
गजरौला द्वितीय 75,263