गजरौला। जच्चा बच्चा केंद्र संचालक पर दुष्कर्म का आरोप लगाने वाली किशोरी का महीनों बाद मेडिकल परीक्षण कराया गया। बताया जा रहा है कि पीड़ित अपना स्वास्थ्य खराब बताकर मेडिकल परीक्षण कराने से टाल रही थी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 15 वर्षीय किशोरी के परिजनों ने गांव में जच्चा बच्चा केंद्र चलाने वाले डा. अनिल शर्मा के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पीड़ित के परिजनों द्वारा बीते महीने दर्ज कराई गई एफआईआर के मुताबिक परिवार की 15 वर्षीय बेटी जच्चा बच्चा केंद्र में काम सीखने जाती थी। केंद्र संचालक द्वारा गलत नीयत रखने का शक होने पर परिजनों ने उसे रोक लिया था। जच्चा बच्चा केंद्र संचालक 12 अप्रैल को किशोरी को गेहूं काटते समय खेत से बुलाकर ले गया था। उसके साथ दुष्कर्म किया था। पुलिस ने बीते महीने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराने को कहा। बताया जा रहा है कि पीड़ित मेडिकल कराने से टाल रही। जिसके चलते पुलिस ने कार्रवाई भी आगे नहीं बढ़ाई। अपने केस में कार्रवाई न होती देख सोमवार को पीड़ित मेडिकल कराने को तैयार हुई। थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि पीड़ित का पुराने मामले में मेडिकल करा दिया गया है। मामले की विवेचना चल रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।