अमरोहा। गंगा तिगरी मेले के लिए शासन से हरी झंडी नहीं मिल सकी है लेकिन जिला पंचायत तैयारियों को पूरा करने में जुट गया है। दरअसल ऐतिहासिक मेले के लिए लगभग एक महीने का समय लगता है। फिलहाल समय कम है ऐसे में जिला पंचायत कोई जोखिम लेना नहीं चाहता हैं। अपर मुख्य अधिकारी ने सहायक अभियंता को सभी कार्यों के एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए है इसके लिए अवर अभियंताओं के साथ सर्वे कर एस्टीमेट को अनुमोदित कराने को कहा है ताकि शासन से हरी झंडी मिलने पर आपाधापी की नौबत नहीं आए।
दिवाली के बाद कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा तीरे तिगरी में राजकीय मेला का आयोजन होता है, जिसमें 15 से 20 लाख श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती है। यहां लोग प्रतिवर्ष (2020 को छोड़ कर) गंगा में स्नान कर पुण्य कमाते हैं। जिला पंचायत की ओर से इसके आयोजन के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं मिला है। अपर मुख्य अधिकारी ने बताया कि उच्चाधिकारियों के मौखिक निर्देश के क्रम में मेले के लिए तैयारी को पूरा करने के लिए कहा गया है। इस साल 11 नवंबर से 20 नवंबर तक मेले का आयोजन है। मुख्य पर्व 18 नवंबर की रात से 19 नवंबर की सुबह तक है। उन्होंने सहायक अभियंता से सभी तरह के कामों के लिए एस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए है। ताकि आयोजन के बारे में शासन से अनुमति मिलने पर तैयारियों को पूरा कराने में अड़चन पैदा न हो।
दरअसल समय कम है ऐसे में उसके जरिए संपूूर्ण व्यवस्था करानी चुनौती बन सकती है। ऐसे में समय रहते एस्टीमेट तैयार कर उनके लिए टेंडर निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर अवर अभियंताओं के साथ समस्त कार्यों के लिए इस्टीमेट तैयार कराना सुनिश्चित करें ताकि शासन के निर्देश मिलने पर तत्काल काम को पूरा कराया जा सके।
यह होने तिगरी मेले में काम
11 फीट सदर रोड, वीआईपी रोड, गंगा रोड, ट्रैक्टर रोड, अस्थाई कांस पूला की सड़क, प्रकाश व्यवस्था, जल, टेन्टेज, टीन फैंसिंग, चटाईयों की आपूर्ति, बैरिकेडिंग, लाउड स्पीकर, नाव, मल्लाह, गोताखोर आदि के लिए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाएगी।
कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी मेले का आयोजन होना है। इसके आयोजन के लिए शासन से अनुमति मांगी गई है। सहायक अभियंता को सभी तरह की तैयारी के लिए इस्टीमेट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अब समय कम है, मेले के आयोजन में सहूलियत रहे और समय रहते तैयारी को पूरा किया जा सके।
हरमिक सिंह, अपर मुख्य अधिकारी