अमरोहा से घर लौट रहे तीन सगे भाइयों की बाइक सवार युवकों ने घेरकर पिटाई कर दी। मौके पर भीड़ जमा होने लगी तो आरोपी अपनी बाइक छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। मौके पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। मामले में दो-तीन अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई। वहीं पुलिस ने दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना धनौरा रोड की है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के सैदपुर इम्मा गांव में अनीसुर्रहमान का परिवार रहता है। आरोप के मुताबिक उनका बेटा ओसामा, साद आलम और दानिश रविवार की रात अमरोहा से घर लौट रहे थे। तीनों स्कूटी और मोटरसाइकिल पर सवार थे। जैसे ही वह धनौरा रोड स्थित हाशमी लॉ कॉलेज के सामने पहुंचे, तभी बाइक पर सवार दो-तीन लोगों ने उन्हें रोक लिया और लाठी-डंडों से उनकी पिटाई करने लगे। इसी बीच अनीसुर्रहमान अपने दामाद अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंच गए। लोगों को आता देख आरोपी अपनी मोटरसाइकिल छोड़कर जंगल की तरफ भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि अनीसुर्रहमान की तहरीर पर बाइक सवार दो तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। साथ ही बाइक के नंबर के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। प्राथमिक जांच में यह भी सामने आया है, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चल रही है।