रजबपुुर (अमरोहा)। अतरासी-हसनपुर रोड पर अज्ञात वाहन से बचने के प्रयास में हुई दो बाइकों की भिड़ंत में कक्षा दस के छात्र सहित तीन युवकों की मौत हो गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। मरने वालों में एक हसनपुर, दूसरा बावनखेड़ी और तीसरा संभल का रहने वाला है। चारों दो बाइकों पर सवार थे। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
यह हादसा रजबपुर थानाक्षेत्र में हसनपुर-अतरासी रोड स्थित शेमफोर्ड स्कूल के सामने हुआ। परिजनों के मुताबिक हसनपुर के मोहल्ला कोट पूर्वी मनिहारान निवासी लोकेश कुमार (30) अपने रिश्तेदार संभल के मोहल्ला मंडी किशन दास सराय निवासी पंकज कुमार (25) के साथ कांठ स्थित फतेहपुर विश्नोई गांव निवासी रिश्तेदारी से घर लौट रहा था। जैसे ही उसकी बाइक हसनपुर-अतरासी रोड स्थित शेमफोर्ड स्कूल के पास पहुंची, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों की टक्कर किसी अज्ञात वाहन के बचने के प्रयास में हुई। दूसरी बाइक को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बावनखेड़ी निवासी कैफ (17) चला रहा था, जबकि उसके साथ गांव का ही नौशाद बैठा था। हादसे में लोकेश कुमार की मौके पर मौत हो गई। जबकि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने पंकज को भी मृत घोषित कर दिया। जबकि हसनपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराए गए छात्र कैफ को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वही गंभीर रूप से घायल नौशाद को मुरादाबाद के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इंस्पेक्टर शिवचरन सिंह ने बताया कि मृतक लोकेश के भाई शीशराम की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
कक्षा दस का छात्र था कैफ, लोकेश करता है किसानी
रजबपुर। सड़क हादसे में मृत बावनखेड़ी निवासी कैफ कक्षा दस का छात्र है। उसके पिता नफीस अहमद गांव के अड्डे पर मिठाई की दुकान चलाते हैं। कैफ तीन भाइयों में बड़ा था। हसनपुर निवासी लोकेश पेशे से किसान था। उसके परिवार में पत्नी सुषमा के अलावा तीन बेटे है। पंकज पिछले तीन साल से लोकेश के पास रहता था। संवाद
हेलमेट लगाए होते तो बच सकती थी जान
बाइक पर सवार युवक हेलमेट नहीं लगाए थे। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हुई है। आसपास के लोगों का कहना था कि अगर युवक हेलमेट लगाए होते तो शायद उनकी जान बच जाती।
मृतक लोकेश का फाइल फोटो।- फोटो : JPNAGAR
मृतक कैफ का फाइल फोटो।- फोटो : JPNAGAR