अमरोहा। विवाहिता को दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर खुदकुशी के लिए प्रेरित करने में पति सहित तीन आरोपी फंस गए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
संभल के बहजोई थाना क्षेत्र के पंवासा कस्बा निवासी रीना की शादी 11 साल पूर्व गजरौला थाना क्षेत्र के रायपुर शुमाली निवासी चेतन संग की गई। शादी के बाद तीन बच्चे हुए। जिनमें बड़ा बेटा 10 साल का है। बृहस्पतिवार को रीना की संदिग्ध परिस्थतियों में मौत हो गई। ससुराल वालों ने मायके वालों को सूचना दिए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने हत्या करने का आरोप लगाया था। बाद में पुलिस को तहरीर दी कि शादी के बाद से ही कम दहेज का ताना देकर ससुराल वाले रीना को प्रताड़ित करते थे। उसे खुदकुशी को प्रेरित करते थे। बृहस्पतिवार को तंग आकर रीना ने फांसी लगाकर जान दे दी। पुलिस ने मृतका के परिजनों की तहरीर पर पति चेतन, जेठ मुकेश सहित तीन लोगों के लिए दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर आत्महत्या को प्रेरित करने की धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने एफआईआर दर्ज किए जाने की पुष्टि की है।