गजरौला। आम के बाग के ठेकेदार के घर में दाखिल हुए चोर नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सेफ का ताला टूटा देख घर में चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। ठेकेदार के मुताबिक चोर पड़ोसी की दीवार के सहारे चारपाई लगाकर उनके घर में घुसे थे।
गांव कटाई निवासी साकिब खां आम का बाग ठेके पर लेते है। उन्होंने बताया कि वह रविवार रात परिवार समेत छत पर सोए थे जबकि पत्नी उजमा आंगन में सोई थीं। कुछ दूरी पर उनका छोटा भाई राहिद व उसकी पत्नी गुलशफां सोए थे। रात में किसी समय चोर घर में दाखिल हुए। चोर अलमारी में रखी नकदी व अन्य सामान चोरी कर ले गए। सोमवार तड़के 3.30 बजे उनकी आंख खुलीं और वह छत से नीचे आए। कमरे में रखी सेफ के ताले खुले हुए थे जिसमें से नकदी गायब थी।
आसपास देखने पर पता चला कि चोर पड़ोसी की दीवार के सहारे चारपाई लगाकर घर में आए थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। सीओ अंजलि कटारिया का कहना है कि चोरी की जानकारी है। तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा। संवाद