अमरोहा। पिछले एक सप्ताह से घने कोहरे और शीतलहर से ठिठुर रहे लोगों को सोमवार को हल्की राहत मिली। सुबह कोहरे के साथ हुई पर नौ बजे के बाद तेज हवा चली। कोहरा छंटा तो धूप खिली। इससे दिन का अधिकतम पारा दो डिग्री चढ़ा। इधर, रविवार रात भर बर्फीली हवा से पारा दो डिग्री लुढ़ककर 7.01 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ और पहाड़ों से आ रही बर्फीली हवा की वजह से कोहरे और शीतलहर का प्रकोप हावी है। सोमवार की सुबह तेज हवा चलने से कोहरा छंटने से आसमान साफ हुआ और धूप निकली। इससे दिन का पारा दो डिग्री बढ़त के साथ अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। रात का तापमान दो डिग्री लुढ़ककर 7.1 डिग्री सेल्सियस रहा। दृश्यता 50 से डेढ़ सौ मीटर तक दर्ज की गई। जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम पारा 9 डिग्री था। सोमवार को धूप खिलने पर गर्मी का एहसास हुआ। गर्म कपड़े उतारकर लोग घरों के बाहर बैठे दिखे। इतना ही नहीं बच्चों ने स्कूल के मैदानों और बुजुर्गों ने कॉलोनियों के पार्कों में धूप का आनंद लिया।