कलक्ट्रेट में आयोजित किसान दिवस में किसानों ने बिजली, पानी, सड़क व गन्ने के भुगतान का मुद्दा उठाया। साथ ही जल्द ही समस्याओं के समाधान की मांग की। प्रभारी डीएम मायाशंकर यादव ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के गुणवत्ता पूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को कलक्ट्रेट में किसान दिवस का आयोजन होता है, जिसमें किसानों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग के अधिकारियों द्वारा उनका निस्तारण कराया जाता है। बुधवार को आयोजित किसान दिवस में किसानों ने तहसील धनौरा के गंदूपाल में पुलिया के टूटे होने की शिकायत की। इस पर प्रभारी डीएम व एडीएम न्यायिक मायाशंकर यादव ने मध्य गंगा नगर के अधिशासी अभियंता को समयबद्ध निस्तारण की प्रक्रिया के लिए शाम तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
समय पर गन्ने का भुगतान न होने पर उन्होंने डीसीओ को निर्धारित समय में भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। लीड बैंक मैनेजर को उन्होंने किसानों की समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करने को कहा। साथ ही सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी किसानों उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में उपनिदेशक कृषि डॉ. रामप्रवेश, जिला कृषि अधिकारी बब्लू कुमार, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी एवं विद्युत, जलनिगम के संबंधित अधिकारी समेत सीवीओ डॉ. आभा दत्त, भारतीय किसान यूनियन (लोकहित) के जिलाध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार, जिला संरक्षक भारतीय किसान यूनियन (लोकहित) धर्मवीर सिंह मौजूद रहे।