अमरोहा। युवक की मौत में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारी एसपी से मिले। गांव के लोगों पर रंजिशन हत्या करने का आरोप लगाया। एसपी ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष यशपाल सिंह के नेतृत्व में तमाम शिक्षक एकत्र होकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। यहां एसपी पूनम को शिकायती पत्र देकर कहा कि गंगेश्वरी ब्लाक अध्यक्ष रामवीर सिंह के छोटे भाई धर्मवीर सिंह निवासी पीपली मेकचंद थाना रजबपुर दो अगस्त को हसनपुर से अपनी बाइक पर सवार होकर अपने गांव वापस लौट रहे थे। शाम के समय करीब साढ़े छह बजे उसकी बाइक बावनखेड़ी गांव से कुछ आगे पहुंची थी। तभी पीछे से गांव के ही दो लोग आए और पुरानी रंजिश के चलते धर्मवीर के सिर पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।
घटना में धर्मवीर के सिर में गंभीर चोट आई थी। स्थानीय लोगों ने गंभीर अवस्था में धर्मवीर को हसनपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। परिजनों ने बेहतर इलाज के लिए उसे नई दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया। जहां आठ अगस्त को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने घटना के संबंध में हसनपुर कोतवाली तहरीर दी। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। आरोप है कि आरोपी गांव में धमका रहे हैं। एसपी ने घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया है। इस दौरान मुकेश चौधरी, हीरा सिंह, पृथी सिंह, रामवीर सिंह, नीरज चौहान, प्रदीप भाटी, गौरव नागर आदि मौजूद रहे।