डिग्री कालेज की प्राचार्य के घर रविवार की सुबह शार्ट सर्किट से आग लग गई। धुआं उठते देख आग लगने की जानकारी हुई। शोर मचाने पर आए मोहल्ले के लोग आग बुझाने में लग गए। उधर दमकलकर्मियों और यूपी-100 को कॉल की गई लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक घर में रखा दो लाख से अधिक का सामान जलकर राख हो गया था।
शहर के चिल्ला मोहल्ला निवासी शीबा अनवर अब्दुल रज्जाक डिग्री कालेज की प्राचार्य हैं। रविवार की सुबह वह घर के काम कर रही थीं। इसी बीच कमरे में धुआं उठता दिखा। उधर जाकर देखा तो शार्ट सर्किट से आग लग रही थी। उनके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग आए। आग बुझाने के लिए पानी भर भर कर डालने लगे।
प्राचार्य ने दमकलकर्मियों को फोन किया, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की। यूपी-100 को भी फोन करती रहीं। मगर यहां से भी कोई जवाब नहीं मिला। इधर आग पूरे घर में फैल चुकी थी। सारे सामान को अपनी चपेट में ले लिया। मोहल्ले के लोगों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई, लेकिन तब तक घर का दो लाख रुपये से अधिक का सामान जल कर राख हो गया था।