शमा एजाज का आरोप है नामांकन कक्ष में दो बजकर 45 मिनट पर प्रवेश करने के बाद भी पर्चा दाखिल नहीं करने दिया गया। शमा पर्चा दाखिल करने को लेकर नामांकन कक्ष के बाहर पांच बजे तक खड़ी रहीं। आरओ के मना करने पर पुलिस ने उन्हें नामांकन कक्ष में नहीं घुसने दिया। वहीं शमा ने पर्चा दाखिल करने को डीएम से लेकर आब्जर्वर तक गुहार लगाई। आखिर में बगैर पर्चा दाखिल किए ही उन्हें कलेक्ट्रेट से वापस जाना पड़ा।
मोहल्ला लकड़ा की रहने वाली शमा एजाज नकवी शुक्रवार को किसान शक्ति जे पार्टी से पर्चा दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंची। उनका कहना है कि वह दो बजकर 25 मिनट पर नामांकन कक्ष में प्रवेश किया था। उनका आरोप है कि आरओ ने पर्चे में कुछ कमी बताकर उसे पूर्ण करने को नामांकन कक्ष से बाहर कर दिया। बाद में उन्हें नामांकन कक्ष में प्रवेश नहीं करने दिया। नामांकन कक्ष में प्रवेश करने को लेकर पुलिस ने उनकी काफी नोकझोंक भी हुई। आरओ कक्ष में बैठे आब्जर्वर तक से नहीं मिलने दिया गया।
शमा ने डीएम से शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पर्चा दाखिल करने को लेकर शाम पांच बजे तक नामांकन कक्ष के बाहर खड़ी रहीं। नामांकन कक्ष से बाहर आई आब्वर्जर विनीता वोहरा से गुहार लगाई। उन्होंने आरओ से पूछा क्या ये महिला सही कह रही हैं, आरओ ने जवाब दिया, सर इन्होंने तीन बजे के बाद नामांकन कक्ष में प्रवेश किया है, इसी लिए इनका पर्चा दाखिल नहीं किया जा सकता।
शमा की आरओ से नोकझोंक हुई, लेकिन उनका पर्चा दाखिल नहीं हुआ। शमा ने गुस्से में आकर आरओ के पैरों में पर्चा फेंक दिया। और वहां से चली गई। आरओ संजीव यादव ने बताया कि शमा एजाज ने तीन बजे के बाद नामांकन कक्ष में प्रवेश किया था, इसी लिए उनका पर्चा दाखिल नहीं किया गया है।