गजरौला। पुलिस ने तीन अपराधियों को अवैध शस्त्रों संग गिरफ्तार किया। हत्या सहित सात मामलों में नामजद एवं गैंगस्टर में निरुद्ध एक बदमाश पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जबकि दो 15-15 हजार रुपये के इनामी थे। गोकशी में लिप्त होने के कारण तीनों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई के साथ ही इनामी घोषित किए गए थे।
शनिवार की सुबह आठ बजे थाना पुलिस ने अलीपुर को जाने वाले कच्चे रास्ते से नवाजिश खां निवासी कटाई और हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के नूर मोहम्मद निवासी सिहाली जागीर व मुनाजिर निवासी शेरगढ़ को पकड़ा। नवाजिश के कब्जे से तमंचा, दो जिंदा कारतूस, नूर मोहम्मद से तमंचा व तीन कारतूस जबकि इशहाक से चाकू बरामद किया। थाना प्रभारी सुशील कुमार वर्मा ने बताया कि नवाजिश पर 20 हजार का इनाम घोषित था। वह 25 साल से अपराध जगत में सक्रिय था। उसके खिलाफ 1996 में हत्या का अभियोग पंजीकृत किया गया था। गोकशी करने और अवैध शस्त्र रखने सहित उसके खिलाफ हसनपुर, रजबपुर और थाना गजरौला में सात मामले दर्ज हैं। नूर मोहम्मद व मुनाजिर के खिलाफ गोकशी, गैंगस्टर सहित तीन-तीन मामले दर्ज हैं। दोनों पर 15-15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। थाना प्रभारी ने बताया कि तीनों को जेल भेजा जा रहा है।