जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने कहा कि सभी मतगणना कार्मिक डाक मतपत्रों की गिनती में विशेष ध्यान देंगे। मतगणना के संबंध में किसी भी मतगणना कार्मिक को कोई भ्रम नहीं होना चाहिए।
बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में प्रेक्षक अमरोहा, धनौरा की मौजूदगी में मतगणना के दृष्टिगत की पोस्टल बैलट की गिनती के लिए लगाए गए माइक्रो ऑब्जर्वर, मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायकों के प्रशिक्षण और राजकीय इंटर कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में लगाए गए मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान डीएम बीके त्रिपाठी ने कहा कि कोई भी मतगणना कार्मिक मोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं ला सकेंगे। मतगणना कार्मिक मतगणना स्थल पर हर हाल में सुबह छह बजे तक अवश्य पहुंच जाएं। हर हाल में मतगणना सुबह आठ बजे से प्रारंभ हो जाएगी। प्रत्येक मतगणना हाल को ‘ए’ और ‘बी’ श्रेणी में बांटा गया है। मतगणना हाल ‘ए’ और ‘बी’ में 7-7 टेबल लगाई गई हैं। इसी प्रकार चारों विधानसभाओं में व्यवस्था की गई है। प्रत्येक कार्मिक निर्धारित टेबल पर ही बैठ सकेंगे। शाम पांच बजे थर्ड रेंडमाइजेशन किया गया। जिसमें किस कार्मिक को किस टेबल पर जाना है, उसका निर्धारण किया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है सभी कार्मिक डाक मतपत्रों की गणना में विशेष ध्यान देंगे। मतगणना के संबंध में किसी भी कार्मिक को कोई कंफ्यूजन नहीं होना चाहिए। सभी प्रपत्रों का भलीभांति मिलान करके पूरा करना होगा। कोई भी प्रपत्र छूटना नहीं चाहिए। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी चंद्र शेखर शुक्ला, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार आदि मौजूद रहे। इससे पहले चुनाव प्रेक्षक और डीएम व एसपी ने मतगणना स्थल का जायजा लेकर दिशा-निर्देश दिए।