अमरोहा। विधायक राजीव तरारा ने मंडी धनौरा क्षेत्र की मांगों को विधानसभा सदन में उठाया। मंडी धनौरा में राजकीय महाविद्यालय की मांग की तो गजरौला में ट्रामा सेंटर, अमरोहा में मेडिकल कॉलेज और पश्चिम यूपी में एम्स की स्थापना कराने की मांग की है जिससे लोगों को बेहतर इलाज मिल सके।
विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक राजीव तरारा ने सबसे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का बजट को लेकर आभार व्यक्त किया। इसके बाद धनौरा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़ी जनसमस्याओं, आधारभूत संरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं धार्मिक पर्यटन से संबंधित विषयों को प्रमुखता से उठाया।
शेरपुर से दडवड ठेठ तक करीब 4.5 किमी शेष तटबंध निर्माण के लिए धन आवंटन की मांग की। साथ ही शेरपुर से चकनवाला तक करीब नौ किमी तटबंध निर्माण की स्वीकृति की मांग की, जिससे बाढ़ के समय किसानों एवं ग्रामीणों को राहत मिल सके। तिगरी धाम में गंगा तट पर पक्के घाटों का निर्माण कराने की मांग दोहराई।
कहा कि इससे यहां हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को फायदा होगा। तहसील धनौरा में अधिवक्ताओं के लिए पक्के चेंबर निर्माण कराने के लिए कहा। इसके अलावा गन्ना किसानों की सुविधा के लिए क्षेत्र में बाइपास मार्ग का निर्माण कराने की मांग की, जिससे किसान गन्ने को आसानी से चीनी मिल तक ले जा सकें।
बछरायूं नगर में संकरे मार्गों की समस्या के समाधान के लिए बाईपास निर्माण, धनौरा ब्लॉक में राजकीय महाविद्यालय की स्थापना और मछली पालन क्षेत्र जाजक गांव के तालाबों में डाले जा रहे अपशिष्ट/सड़े मांस पर रोक लगाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।
राजीव तरारा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वर्ष 2017 से अब तक क्षेत्र में मार्गों का चौड़ीकरण, गंगा एक्सप्रेस-वे परियोजना, कृषि विज्ञान केंद्र की स्थापना और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने का काम किया है। साथ ही जनसरोकार के जुड़ीं क्षेत्र की प्रमुख मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर धनौरा विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। विधायक राजीव तरारा पहले भी क्षेत्र के साथ जिले की समस्याओं को विधानसभा सदन में उठाते रहे हैं।