जिले में 22 अप्रैल से पांच मई तक यूपी पुलिस में चयनित अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण किया जाएगा। इनमें दूसरे जिलों के 1150 अभ्यर्थी शामिल होंगे। शासन के निर्देश पर मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है। चिकित्सा परीक्षण सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक चलेगा। इसमें अभ्यर्थियों की आंख, बॉडी पार्ट्स, बीपी और शुगर की जांच होंगी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल से चयनित अभ्यर्थियों का चरित्र सत्यापन और चिकित्सा परीक्षण होना है। डीजीपी मुख्यालय में आईजी स्थापना ने इसका कार्यक्रम जारी कर दिया है। चिकित्सा परीक्षण और चरित्र सत्यापन का कार्य पूरा होने के बाद 17 जून से जिलों में चयनित अभ्यर्थियों का सामान्य प्रशिक्षण कराया जाएगा, जिसमें उन्हें पुलिस के कामकाज आदि के बारे में बताया जाएगा।
इसके लिए अभ्यर्थियों के ठहरने आदि की व्यवस्था करने को कहा गया है। 21 जुलाई से सभी चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण केंद्रों में भेजा जाएगा, जहां नौ माह तक उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर सभी तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं। चिकित्सा परीक्षण के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। इससे पहले 928 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाणपत्रों की जांच की गई थी। इस दौरान उनकी लंबाई और चेस्ट भी मापी गई थी।