गजरौला में एमडीए द्वारा सील किया गया भवन
- फोटो : HASANPUR
गजरौला। एमडीए ने नगर में बिना मानचित्र और बगैर अनुमति लिए बन रहे व्यावसायिक भवनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डेयरी प्लांट सहित तीन इमारतों को सील कर दिया। इस कार्रवाई से नगर में बड़े पैमाने पर व्यावसायिक भवन बनवा रहे लोगों में हड़कंप मचा है।
एमडीए में शिकायत की गई कि गजरौला में बिना अनुमति व बगैर मानचित्र पास कई व्यवसायिक भवन बन रहे हैं। शिकायत को गंभीरता से लेते एमडीए के गजरौला जोन-4 के अवर अभियंता मनोज कुमार व एचके सिंघल गजरौला पहुंचे। थाना पुलिस साथ लेकर यहां उन्होंने टीचर कालोनी के सामने ओवरब्रिज के निकट वारिस अली का व्यावसायिक भवन सील किया। इसके बाद भानपुर फाटक रोड पर शिव कुमार का भवन सील किया गया। यह भी व्यावसायिक था। तीसरी कार्रवाई नाईपुरा में की गई। यहां निवेदिता दुग्गल का डेयरी प्लांट सील किया। अवर अभियंता मनोज कुमार का कहना है कि तीनों के पास मानचित्र नहीं होने और मुरादाबाद विकास प्राधिकरण से अनुमति नहीं लेने के कारण कार्रवाई की गई है।