अमरोहा। नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष ललित तंवर ने मंगलवार को कार्यालय पहुंचकर कामकाज संभाल लिया। पहले ही दिन उन्होंने काफी समय से लंबित पड़ी कर्मचारियों के वेतन की इंक्रीमेंट फाइलों पर हस्ताक्षर किए। रिटायर्ड कर्मचारियों की पेंशन फाइलों पर साइन कर हरी झंडी दे दी। साथ ही ठेकेदारों को नसीहत दी। कहा कि वर्ष 2019 से कुछ ठेकेदार वर्क ऑर्डर लेकर काम नहीं कर रहे हैं। वह सिर्फ फाइल लेकर बैठे हैं। ऐसे सभी ठेकेदारों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे।
अमरोहा के पूर्व सांसद कंवर सिंह तंवर के बेटे ललित तंवर जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार को वह पहली बार जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। कार्यभार ग्रहण कर कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों से तमाम फाइलें तलब कीं। इस दौरान उन्होंने कर्मचारियों के वेतन का इंक्रीमेंट जो रुका हुआ था, उनकी सभी फाइलों पर हस्ताक्षर कर कर्मचारियों को तोहफा दिया। साथ ही सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों की लंबित पड़ी पेंशन फाइलों पर साइन कर हरी झंडी दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि कुछ ठेकेदार वर्ष 2019 में वर्क आर्डर लेकर काम नहीं कर रहे हैं। इन ठेकेदारों ने पिछले दो साल से टेंडरों पर काम नहीं किया। वह सिर्फ फाइनल लेकर बैठे हुए हैं। ऐसे सभी ठेकेदारों को नोटिस जारी कर दो दिन में जवाब मांगा जा रहा है। विकास कार्यों में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी। ऐसे ठेकेदारों की खैर नहीं होगी। उनके लाइसेंस रद्द किया जाएंगे। सभी काम टेंडर प्रक्रिया के तहत होंगे।