मंडी धनौरा। दशलक्षण पर्व की समाप्ति पर रविवार को नगर में दिगंबर जैन समाज की ओर से जैन गज रथयात्रा निकाली गई। रथयात्रा का अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया गया। रामलीला मैदान के सामने स्थित अहिंसा स्तम्भ पर कलश से अभिषेक किया गया।
नगर के जैन मंदिर से शुरू हुई गज रथ यात्रा हरदेव बाजार, कंचन बाजार, अग्रसेन बाजार, तिकोना स्कूल, गुरुद्वारा होती हुई अहिंसा स्तंभ पहुंची। रथयात्रा में एक छोटा बच्चा ऊंट पर सवार था जबकि इंद्र-इंद्राणी के रूप में अनिल जैन पत्नी समेत सवार थे। भगवान की प्रतिमा रथ पर लेकर बैठने का सौभाग्य दीपक जैन को मिला। सारथी के रूप में नमन किशोर जैन व कुबेर के रूप में प्रेम जैन सवार थे। रथ यात्रा का अग्रवाल भवन पर अग्रवाल सभा की ओर से स्वागत किया गया।
रथयात्रा नगर भ्रमण करती हुई अहिंसा स्तंभ पहुंची। यहां कलश के जल से अभिषेक किया गया। मंदिर पर यात्रा का समापन हुआ। आरती के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर नीरज जैन, पालिकाध्यक्ष प्रवीन अग्रवाल, प्रेम जैन, विनोद जैन, राजेंद्र जैन, प्राची जैन, अनिल जैन, उषा जैन, सोनिया अग्रवाल, दीपा जैन, नीतू जैन आदि मौजूद थीं।