अमरोहा। मंगलवार और बुधवार की झमाझम बारिश से मिली राहत ज्यादा देर टिक नहीं सकी। बृहस्पतिवार को हल्की बूंदाबांदी के बाद वातावरण में नमी बढ़ने से जिले में उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। बादलों की आवाजाही के बावजूद दोपहर में तेज धूप निकलने से गर्मी का असर पूरे दिन बना रहा। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उमस के कारण लोग जरूरी काम निपटाकर जल्द घर लौटते रहे, जबकि बाजारों में भी सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी।
मंगलवार देर रात शुरू हुई बारिश और बुधवार सुबह तक हुई झमाझम बरसात से भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली थी। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहावना हो गया था। लंबे समय से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों के चेहरे भी खिल उठे। किसानों का कहना है कि बारिश से खेतों में पर्याप्त नमी आ गई है, जिससे धान की रोपाई का कार्य अब तेजी पकड़ सकेगा।
जून महीने में पर्याप्त वर्षा नहीं होने के कारण किसान सिंचाई के सहारे खेती करने को मजबूर थे और रोपाई का काम प्रभावित हो रहा था। हालांकि, बारिश के बाद शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी बनी। कई सड़कों पर पानी भर गया और जगह-जगह कीचड़ फैलने से राहगीरों व वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ी। बृहस्पतिवार को भी कभी धूप तो कभी बादल छाए रहने के कारण उमस और अधिक बढ़ गई। बाजारों, खेतों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों को चिपचिपी गर्मी ने परेशान किया। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के विशेषज्ञ पवन शुक्ला ने बताया कि इस सप्ताह जिले में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और विभिन्न क्षेत्रों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। आगामी दिनों में तापमान में उतार-चढ़ाव रहेगा और उमस से लोगों को अभी पूरी तरह राहत मिलने की संभावना कम है।