अमरोहा। अयोध्या श्रीराम मंदिर भूमि पूजन को लेकर जिले में घोषित किया हाई अलर्ट स्वतंत्रता दिवस तक रहेगा। जिले की सीमाएं सील हैं। असामाजिक तत्वों और बाहर से आने वालों की हर एक गतिविधि पर नजर रहेगी। पुलिस रात में भीड़भाड़ वाले इलाकों पर चेकिंग अभियान चला रही है। संदिग्धों पर खुफिया तंत्र की निगाहें टिकी हैं।
एसपी डॉ. विपिन ताडा ने रक्षाबंधन और अयोध्या में श्रीराम मंदिर भूमिपूजन को लेकर जिले में हाईअलर्ट जारी किया था। अब यह हाई अलर्ट स्वतंत्रता दिवस तक रहेगा। इसी के मद्देनजर इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह के नेतृत्व में शहर में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। होटलों की चेकिंग के साथ ही सार्वजनिक स्थल भी चेक किए जा रहे हैं। रोडवेज बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस की सक्रियता बढ़ा दी गई है। पुलिस लगातार बसों की चेकिंग के साथ ही मुसाफिरों के सामान की तलाश कर रही है। पुलिस ने शहर के सभी होटलों संचालकों से संदिग्धों के बारे में जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। शहर के प्रमुख होटलों पर भी पुलिस की नजर है। एसपी के मुताबिक शहर से लेकर अतिसंवेदनशील गांवों में खुफिया तंत्र के अलावा स्थानीय पुलिस को सादे कपड़ों में लगाया जा रहा है। जिले की सीमाएं सील हैं। गैर जनपदों को जोड़ने वाले 32 प्वाइंटों पर पुलिस तैनात रखी गई है। सभी थानाध्यक्षों को किसी भी तरह की मामले में लापरवाही नहीं बरते के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी को गंभीरता से नहीं लेने वालों बख्शा नहीं जाएगा।