अमरोहा। मंडी समिति से रविवार को पोलिंग पार्टियां रवाना होने तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश को पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। नेशनल हाईवे पर पड़ने वाले किसी भी चौराहे से कोई भी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेगा। इसके अलावा गुलड़िया रोड पर छोटे-बड़े वाहन भी बंद रहेंगे। पोलिंग पार्टियों के रवाना होने के बाद यातायात पहले की तरह सुचारु कर दिया जाएगा। फिर 14 फरवरी की शाम को यही प्लान लागू कर दिया जाएगा।
टीएसआई धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि शनिवार को मंडी समिति से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए शहर में 37 प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां पुलिस फोर्स तैनात रहेगा। इसके लिए नेशनल हाईवे पर स्थित संभल चौराहा से अमरोहा, जोया चौराहे से अमरोहा, अतरासी चौराहे से अमरोहा, कैलसा फाटक से अमरोहा में आने वाले बड़े वाहनों की नो एंट्री रहेगी, जबकि बिजनौर रोड जाने वाले वाहनों को रज्जाकपुर होते हुए बाईपास से निकाला जाएगा।
धनौरा रोड पर शहर में आने वाले वाहन प्रतिबंधित रहेंगे, जबकि बिजनौर की तरफ जाने वाली रोडवेज बसों को गजरौला, चांदपुर होकर निकाला जाएगा। नत्थे खां की मस्जिद से गुलड़िया रोड पर छोटे-बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। उन्होंने बताया कि पोलिंग पार्टियों के मंडी समिति से रवाना होने के बाद यातायात को पहले की तरह शुरू कर दिया जाएगा। इसके बाद यही रूट प्लान 14 फरवरी को शाम चार बजे से फिर सक्रिय हो जाएगा। प्लान के तहत किसी भी परिस्थिति में भारी वाहनों की एंट्री नहीं होगी। ऐसे ही हसनपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए जाने वाली पोलिंग पार्टियों के वाहन गुलड़िया रोड से कफूरपुर की तरफ निकालते हुए अतरासी पुलिस चौकी के लिए निकाला जाएगा। जबकि नौगांवा सादात और मंडी धनौरा विधानसभा सीट से चुनाव वाहनों को फाजलपुर-नीम चौराहा होते हुए धनौरा मार्ग के लिए निकाला जाएगा, जबकि अमरोहा सीट से जुड़े वाहन की शहर में एंट्री की जाएगी।