गजरौला। खंड विकास अधिकारी को डेंगू हो गया है। उनको मेरठ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तीन दिन पूर्व तबियत खराब होने पर परिजन मेरठ ले गए। जहां पर उनको चिकित्सकों ने डेंगू से बताया है। निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा है।
इलाके में वायरल फैलने के साथ ही डेंगू का प्रकोप भी बढ़ता जा रहा है। जिसने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। गजरौला खंड विकास अधिकारी सतेंद्र सिंह ने खुद को डेंगू होने की बात कही है। बीडीओ ब्लाक परिसर के आवास में रहते हैं। उन्होंने बताया कि तीन दिन पूर्व उनकी तबियत खराब हुई। उन्होंने गजरौला में निजी चिकित्सक से दवाई ली, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ, बल्कि तबियत और बिगड़ती चली गई। गजरौला के चिकित्सकों ने उनको बाहर ले जाने की सलाह दी। वह मेरठ गए। तीन दिन पूर्व मेरठ के एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जहां उन्हें डेंगू बताया गया। परिजनों के कहने पर अस्पताल कर्मियों ने उनको अस्पताल में भर्ती कर दिया। अभी उनकी हालत में सुधार नहीं है।