गंगेश्वरी ब्लॉक के सिमथला में अधूरा शौचालय।
- फोटो : HASANPUR
ढबारसी(अमरोहा)। गंगेश्वरी ब्लाक के सिमथला गांव में सामुदायिक शौचालय का आधा अधूरा निर्माण करवा कर 3 लाख 16 हजार रुपये की धनराशि निकाल ली गई। शौचालय की फर्श में न तो टाइल्स पूरी लगाई गई हैं, एक शौचालय पर दरवाजा ही नहीं है। और तो और बिजली की फिटिंग भी नहीं कराई गई है।
ब्लाक में विभिन्न सरकारी योजनाओं में सरकारी धन को लूटने की होड़ मची हुई है। कई घोटालों के खुलासे के बाद भी जिम्मेदारों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई।
गंगेश्वरी ब्लाक के सिमथला गांव में सामुदायिक शौचालय का अधूरा निर्माण कराकर रकम का बंदरबांट किया गया है। गांव में तालाब किनारे लोगों की सुविधाओं के लिए सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया जाना था लेकिन शौचालय के फर्श में आधी अधूरी टाइल्स लगाई गई है। निर्माण के लगभग 6 माह बाद ही टाइल्स व प्लास्टर टूटकर गिरने लगा है। इसी से शौचालय निर्माण कार्य की गुणवत्ता का अंदाजा लगाया जा सकता है। शौचालय की छत को भी पूरा नहीं कराया गया। लगभग 70 प्रतिशत शौचालय का भाग ऊपर से खुला हुआ है। एक गेट पर दरवाजा नहीं लगा है। शौचालय में पानी की आपूर्ति के लिए सबमर्सिबल का बोरिंग करवाकर मोटर डालने के बजाए शौचालय के नजदीक लगाये गए हैंडपंप में ही मोटर डाल दी गई है। शौचालय में लाइट का फिटिंग कार्य भी नहीं हुआ है। शौचालय के रखरखाव का सरकारी खाते से 9 हजार रुपये प्रतिमाह के हिसाब से निकाले जा रहे हैं लेकिन ग्रामीणों की मानें तो इस शौचालय पर ताला लगा रहता है।
दो बार निकाली गई धनराशि
ढबारसी। सिमथला गांव में सामुदायिक शौचालय निर्माण कार्य में 15वें वित्त आयोग से 10 अक्टूबर 2020 को 1 लाख 60 हजार 973 रुपये व तीन मार्च को 1 लाख 55 हजार 315 रुपये निकाले गए हैं। रकम पूरी निकाल कर भी काम अधूरा छोड़ दिया गया है। लेकिन जिम्मेदारों का इस तरफ कोई ध्यान नहीं है।
सामुदायिक शौचालय का निर्माण पूर्व प्रधान के कार्यकाल में कराया गया है। इस शौचालय में आधे से ज्यादा काम बाकी है। ब्लाक के अधिकारियों द्वारा शौचालय के अधूरे कार्य को पूरा करवाने का दबाव बनाया जा रहा है जबकि पूर्व में ही इसका भुगतान निकाला जा चुका है।
कृपाल सिंह, ग्राम प्रधान