अमरोहा। दहेज उत्पीड़न के दो मामलों में 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। नौगांवा सादात और महिला थाने में दी गई तहरीर में विवाहिताओं का आरोप है कि ससुराल वालों ने उन्हें दहेज के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और मारपीट कर घर से निकाल दिया।
पहला मामला हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सहसौली बसी गांव का है। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के ताजपुर माफी गांव निवासी नीतू और उसकी बहन मंजू की शादी 18 जून 2017 को सहसौली बसी गांव निवासी सगे भाई राहुल और रोहित के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद ही ससुराल वाले दोनों बहनों को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे। इस संबंध में कई बार दोनों पक्षों में पंचायत हुई, बावजूद इसके ससुराल वालों का रवैया नहीं सुधरा। आरोप है कि 11 जुलाई 2021 को ससुराल वालों ने दोनों बहनों को जलाकर मारने की कोशिश की थी। वर्तमान में दोनों बहने अपने मायके में पिता के घर रहती है। विवाहिता नीतू ने मामलों की शिकायत एसपी पूनम से की। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर पति राहुल, जयपाल सिंह, बाला देवी, मोनी, रोहित, छत्रपाल सिंह, मंजू देवी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न की एफआईआर दर्ज की गई है।
वहीं दूसरा मामला न्यायालय के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने दर्ज किया है। नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के फौंदपुर गांव निवासी संगीता की शादी 24 अप्रैल 2018 को मुरादाबाद के मैनाठेर थानाक्षेत्र के बरखेड़ा महमूदपुर माफी निवासी गुलशन कुमार के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले संगीता को प्रताड़ित करने लगे थे। शादी के बाद में जबरन 70 हजार रुपये और मोटरसाइकिल ली। विवाहिता के पिता रेलवे विभाग से रिटायर हुए तो ससुराल वालों ने 5 लाख रुपये की मांग शुरू कर दी। विरोध करने पर ससुराल वालों ने मारपीट कर संगीता को गर्भावस्था में घर से निकल दिया। वर्तमान में वह अपने पिता के घर रहती है। विवाहिता ने मामले की शिकायत पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उसने न्यायालय की शरण ली। इंस्पेक्टर पूनम आनंद ने बताया कि पति गुलशन कुमार, सास बबली, ससुर किशन लाल, कुमारी नेहा, नैंसी और मनोज के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।