फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तकनीक आई काम: दिल्ली से सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने गन प्वाइंट पर लूटी लग्जरी कार, चालक को फेंका

Sat, 28 Aug 2021 05:09 PM IST
Vikas Kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अमरोहा

सार

ड्राइवर के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह दिल्ली के कश्मीरी गेट पर खड़ा था। तभी चार युवक कार में सवार हुए और मुरादाबाद के लिए कार बुक कर ली। चालक उन्हें लेकर मुरादाबाद के लिए चल दिया। कश्मीरी गेट से तीन किलोमीटर निकलते ही चारों बदमाशों ने राधेश्याम को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

दिल्ली के कश्मीरी गेट से सवारी बनकर बैठे बदमाशों ने तीन किलोमीटर आगे निकलते ही चालक को गन प्वाइंट पर लेकर लग्जरी कार लूट ली। बाद में चालक को गढ़मुक्तेश्वर से निकलकर हाईवे पर बंधक बनाकर फेंक दिया। स्थानीय लोगों ने चालक को बंधकमुक्त कराया। मालिक द्वारा बताई लोकेशन के आधार पर चालक रजबपुर पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी। 

विज्ञापन


चालक की शिकायत पर मालिक ने जीपीएस के माध्यम से कार का इंजन लॉक कर दिया। पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी। इसके बाद लोकेशन के आधार पर कार को अमरोहा नगर के वासुदेव तीर्थ मंदिर के पास से बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना दिल्ली और गढ़मुक्तेश्वर की बताते हुए कार मालिक को सुपुर्द कर दी है।

हरियाणा के जिला सोनीपत में मुरथल थानाक्षेत्र के रेवली गांव निवासी राधेश्याम टैक्सी चालक है। आरोप के मुताबिक शुक्रवार रात करीब नौ बजे वह दिल्ली के कश्मीरी गेट पर खड़ा था। तभी चार युवक कार में सवार हुए और मुरादाबाद के लिए कार बुक कर ली। चालक उन्हें लेकर मुरादाबाद के लिए चल दिया। कश्मीरी गेट से तीन किलोमीटर निकलते ही चारों बदमाशों ने राधेश्याम को गन प्वाइंट पर लेकर बंधक बना लिया। एक बदमाश ने कार को अपने कब्जे में लेकर खुद ड्राइव करने शुरू कर दिया। 
विज्ञापन


टैक्सी चालक राधेश्याम ने पिलखुवा के पास पुलिस को देख कर शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने गोली मारने की धमकी दी। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की। गढ़मुक्तेश्वर टोल प्लाजा से निकल कर बदमाशों ने राधेश्याम की शर्ट से उसके हाथ पैर और मुंह बांध उसे हाईवे किनारे फेंक दिया और कार लूट कर फरार हो गए। 

स्थानीय लोगों ने राधेश्याम को बंधनमुक्त कराया। पीड़िता ने मामले की जानकारी अपने मालिक को दी। मालिक ने जीपीएस की लोकेशन देखकर कार को अमरोहा की तरफ जाने की बात बताई। लिहाजा पीड़ित चालक किसी तरह रजबपुर पहुंचा और वैंक्टेश्वर यूनिवर्सिटी के सामने हाईवे पर खड़ी डायल 112 पुलिस को घटना की जानकारी दी। हरकत में आई रजबपुर पुलिस ने नाकाबंदी कर ली। मालिक ने कार की लोकेशन लेकर घेराबंदी शुरू कर दी। तभी मालिक ने जीपीएस के माध्यम से कार के इंजन को लॉक कर दिया। कार बंद होने के बाद बदमाश कार अमरोहा नगर में वासुदेव तीर्थ मंदिर के पास छोड़कर फरार हो गए। 

मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर संजीव कुमार त्यागी ने बताया कि बदमाशों ने कार को दिल्ली के कश्मीरी क्षेत्र से कब्जे में लिया था, जबकि चालक को गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में फेंका गया था। घटना हमारे क्षेत्र की नहीं है। इसलिए शनिवार को कार उसके मालिक के सुपुर्द कर दी गई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें