अमरोहा। सोशल मीडिया पर एक महिला की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ। वायरल वीडियो का एसपी ने कड़ा संज्ञान लिया। तत्काल टीम भेजकर मौके पर जांच कराई। बाद में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
इंस्पेक्टर मोहित चौधरी ने बताया कि जांच पड़ताल में वायरल वीडियो कस्बा जोया के मोहल्ला इकबाल नगर की निकली। यहां मिथलेश त्यागी अपने बच्चों के साथ रहती हैं। 29 जुलाई को उनका पड़ोसियों के साथ विवाद हो गया था। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें घर के बाहर घेरकर पिटाई कर दी थी। मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था। बुधवार को यह वीडियो एसपी पूनम तक पहुंच गया। वीडियो देखकर एसपी ने मामले को गंभीरता से लेकर तत्काल मौके पर भेजकर जांच करने के निर्देश दिए थे। लिहाजा पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर स्वदेश गुप्ता, नीलम गुप्ता, प्राची गुप्ता और मनोज के खिलाफ मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।