गजरौला के मायापुरी मोहल्ले में गजरौला-बिजनौर रेलवे लाइन किनारे नगर पालिका का कच्चा नाला है। इसमें इस समय पानी भरा है। बारिश होने पर यह नाला उफन जाता है। जिससे अतरपुरा-तिगरिया भूड़ के बीच में रेलवे लाइन किनारे पानी भरा रहता है। पानी लाइन के लिए खतरनाक है। इसे देखते हुए रेलवे के कार्य विभाग ने लाइन पर काम शुरू कर दिया है।
बाहर से ट्रैक्टर ट्रॉली में मिट्टी मंगाई जा रही है। जिससे जेसीबी से रेलवे लाइन किनारे लगाया जा रहा है। बाद में इस पर सीमेंट का काम किया जाएगा। रेलवे की भाषा में इस कार्य को सेश कहते हैं। अभी मायापुरी मोहल्ले में काम चल रहा है। इसके बाद अतरपुरा व तिगरिया भूड़ के बीच लाइन पर काम किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक केएल कश्यप ने पुष्टि करते हुए कहा कि रेलवे लाइन किनारे काम चल रहा है।
बीते साल पुलिया कट जाने से ट्रैक के पास पहुंच गया था पानी
मायापुरी मोहल्ले में रेलवे लाइन के किनारे भरे रहने वाली पानी से रेलवे लाइन को खतरा भांपते हुए रेलवे ने पटरियों के नीचे पुलिया बनवाई। जिससे मोहल्ले का पानी पुलिया के माध्यम से रेलवे लाइन की दूसरी तरफ जाने लगा। मगर खेत मालिकों के विरोध के चलते पुलिया से निकल रहे पानी को बंद कर दिया गया था। कई दिन तक हुई बारिश से बीते दो जुलाई की रात पुलिया के बराबर की ढांग कट गई। जिससे रेलवे लाइन को खतरा हो गया था। रेलवे के मंडलीय सहायक अभियंता जेपी सिंह ने मौके पर आकर जानकारी ली थी। साथ ही जल भराव से निजात दिलाने के लिए पालिका को ह्यूम पाइप दबाने के लिए मौके पर ही अनुमति जारी कर दी।