शहरी क्षेत्र में जरूरतमंद परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान पाने का सपना जल्द पूरा हो सकेगा। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया चल रही है। जिले की सभी निकायों में अभी तक कुल 12570 आवेदन हुए हैं। इनमें सर्वे के दौरान 3009 पात्र पाए गए हैं। अभी भी सर्वे का काम चल रहा है। जिसके बाद जरूरतमंद परिवारों को अनुदान की प्रक्रिया पूरा होने के बाद योजना के तहत छत मुहैया हो सकेगी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए दूसरे चरण की प्रक्रिया चल रही है। योजना में एक आवास पर तीन किस्तों में लाभार्थियों को ढाई लाख की धनराशि दी जाती है। इसमें पहली किस्त 50 हजार, दूसरी किस्त 1.50 लाख और अंतिम किस्त 50 हजार रुपये की होती है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण विभाग की ओर से पात्रों की सूची तैयार कराकर मुख्यालय भेजी जाती है। जिसके बाद अनुदान दिए जाने की प्रक्रिया शुरू होती है।
योजना में पहली बार ऑनलाइन आवेदन की व्यवस्था की गई है। जो भी पात्र हैं और उनके पास जमीन है, तो आवास निर्माण के लिए उन्हें योजना का लाभ दिया जाएगा। आवेदन के लिए पीएमवाई 2.0 साइट पर जाकर ऑनलाइन फार्म भरना होता है। इसमें आधार, बैंक खाता व आय प्रमाणपत्र के साथ प्लाट होने पर रजिस्ट्री और नगर निकाय की गृहकर की रसीद लगानी होगी। योजना के तहत जिले के नौ निकायों में करीब 12570 जरूरतमंद लोगों ने आवेदन किया है। जिसमें नगर निकायों द्वारा कराए गए सर्वे में अभी तक 3009 आवेदक पात्र पाए गए हैं।
एक साल से पहले आवास पूरा करने पर मिलेंगे 10 हजार अतिरिक्त
योजना के तहत एक साल अथवा उससे कम समय में आवास निर्माण का काम पूरा करने के लिए आवेदक को 10 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दी जाएगी। इसके अलावा वरिष्ठ नागरिकों को तीस हजार व विधवा अथवा तलाकशुदा महिलाओं को भी 20 हजार रुपये की अतिरिक्त राशि दिए जाने का प्रावधान किया गया है।
- प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के लिए आवेदन चल रहे हैं। पिछली बार जहां मैनुअल फार्म जमा हुए थे वहीं, इस बार सारी प्रक्रिया ऑनलाइन कर दी गई है। आवेदन की कोई अंतिम तारीख घोषित नहीं की गई है। जो भी योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वह आवेदन कर सकते हैं। - बृजपाल सिंह, डिप्टी कलक्टर/ परियोजना अधिकारी डूडा