अमरोहा। चालक को नशीली कोल्डड्रिंक्स पिलाकर बदमाश ने ई-रिक्शा लूट लिया। आरोपी जोया टोल प्लाजा के निकट चालक को नशे की हालत में छोड़कर फरार हो गया। उसने टीपीनगर से जोया जाने के लिए 300 रुपये में ई-रिक्शा बुक किया था। मामले में पुलिस ने चोरी की एफआईआर दर्ज की है। फिलहाल चालक की हालत में सुधार है।
नौगांवा सादात थानाक्षेत्र के बागड़पुर इम्मा निवासी राकेश कुमार निजी अस्पताल में नौकरी करते हैं। उनका बेटा मोहित ई-रिक्शा चलता है। परिजनों के मुताबिक शनिवार कि सुबह मोहित अमरोहा नगर के टीपी नगर चौराहे पर सवारी का इंतजार कर रहा था। तभी एक व्यक्ति ने जोया के लिए 300 रुपये में ई-रिक्शा बुक कर लिया। लिहाजा मोहित युवक को लेकर जोया पहुंचा। यहां बुकिंग करने वाले युवक ने दुकान से कोल्ड ड्रिंक्स खरीदी थी और कोई जरूरी काम बताकर रजबपुर चलने के लिए कहा। जोया से निकलने के बाद युवक ने मोहित को कोल्ड ड्रिंक पिला दी। हाईवे स्थित जोया टोल प्लाजा के पास पहुंचते ही मोहित को उल्टी होने लगी। तभी आरोपी युवक नींबू पानी लाने की बात कह कर 65 हजार रुपये की कीमत के ई रिक्शा लेकर चला गया और वापस नहीं लौटा। दोपहर दो बजे तक मोहित खाना खाने के लिए घर नहीं लौटा तो उसकी मां ने फोन किया। इस दौरान नशे की हालत में मोहित ने फोन उठाकर परिजनों को घटनाक्रम बताया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और मोहित को साथ लेकर थाने पहुंचे। यहां तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
इस मामले में पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ चोरी की एफआईआर दर्ज की है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर घटना में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही पर्दाफाश कर दिया जाएगा।