अमरोहा। डीएम ने शाह विलायत दरगाह और वासुदेव मंदिर में निर्माणाधीन बहुउद्देशीय हॉल की प्रगति धीमी मिलने पर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था के इंजीनियर को फटकार लगाई। कहा कि मजदूरों की संख्या बढ़ाए। दो महीने में अधूरे काम को पूरा कर लिया जाए। गुणवत्ता के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। किसी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं होगी। लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
डीएम बालकृष्ण त्रिपाठी सोमवार को दोपहर में शाह विलायत दरगाह परिसर में पहुंचे। उन्होंने परिसर का जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने बहुउद्देशीय हॉल के निर्माण को देखा। उन्होंने दो मंजिला बन रहे हाल के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अविलंब निर्माण पूरा कराए ताकि जायरीन को रहने में दिक्कत नहीं आए। उन्होंने बताया कि धार्मिक के अलावा व्यक्तिगत कामों में हॉल का उपयोग हो सकता है। इसके बाद वासुदेव तीर्थ स्थल में पहुंचें। उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए बनाए जा रहे बहुउद्देशीय हॉल का जायजा लिया। यहां पर पूजा, कथा और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कराए जा सकते हैं। इस दौरान सीडीओ चंद्रशेखर शुक्ल, एसडीएम विजय शंकर आदि रहे।