सैदनगली (रामपुर)। थाना क्षेत्र के गांव हरियाणा में हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर रास्ते पर गिर गया। जिसकी चपेट में आकर दुकान से आ रहे 55 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी एवं तीन वर्षीय मासूम पौत्र झुलस गए। झुलसी महिला और मासूम को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से ग्रामीणों में रोष व्याप्त है।
बताते हैं कि थाना क्षेत्र के गांव हरियाणा निवासी 55 वर्षीय सगीर मजदूरी करके परिवार का पालन पोषण करता है। सोमवार देर शाम को वह तीन वर्षीय पौत्र मोहम्मद शान को गोद में लेकर दुकान से पकौड़ी लेकर घर जा रहा था। जामा मस्जिद के पीछे रास्ते पर हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में दोनों आ गए। हादसे के दौरान मजदूर की गोद से मासूम छिटककर दूर जा गिरा। सूचना मिलते ही मजदूर की पत्नी मौके पर पहुंच गई। उसे बचाने की कोशिश में वह भी करंट लगने से झुलस गई। जानकारी मिलते ही तमाम ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। बिजली घर फोन करके आपूर्ति बंद कराई गई। पुलिस भी पहुंच गई। झुलसी महिला एवं उसके पौत्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मृतक ने अपने पीछे चार बेटे और दो बेटियां छोड़ी हैं। एक बेटा और एक बेटी की शादी हो चुकी है। कार्यवाहक थाना अध्यक्ष संत कुमार का कहना है कि बिजली के करंट से एक व्यक्ति की मौत हो गई है। उसकी पत्नी झुलस गई है। मामले में तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।