मलेशिया गांव में फागिंग व मच्छर मार दवा का छिड़काव करते हुए कर्मचारी
- फोटो : DHANAURA
अमरोहा/मंडी धनौरा। स्वास्थ्य विभाग डेंगू और बुखार को काबू करने में नाकाम साबित हो रहा है। जिले में फिर सात मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। लगातार मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। संक्रमित मरीजों को जिला अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती कराया है। वहीं टाइफाइड के आठ और डायरिया के 31 मरीज भी मिले हैं।
जिले में डेंगू और बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। गुरुवार को सरकारी और निजी अस्पतालों की ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड में मरीजों की भीड़ रही। चेकअप के दौरान मरीजों की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने कइयों को भर्ती वार्ड में भर्ती कर उपचार शुरू किया। उधर धनौरा के गांव मलेशिया में अब तक 44 ग्रामीणों को डेंगू की पुष्टि हो चुकी है और एक युवक की मौत हो चुकी है। गुरुवार को आई रिपोर्ट में सात और ग्रामीण डेंगू पॉजिटिव पाए गए हैं। अब कुल 51 ग्रामीणों को डेंगू की पुष्टि हो गई है।
सीएमओ डॉ. संजय अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल सहित सभी सरकारी अस्पतालों की ओपीडी में 3383 मरीज पहुंचे। इसमें 272 मरीज केवल बुखार के मिले हैं। वहीं, आठ मरीज टाइफाइड और 31 लोग डायरिया से पीड़ित मिले हैं। इसके अलावा सात मरीजों को डेंगू की पुष्टि हुई है। इसमें एक किशोर शामिल है। सीएमओ ने बताया कि जहां-जहां के मरीज मिले है, उन इलाकों में लार्वा सायडल और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराया जा रहा है।