मलेशिया गांव में कर्मचारी मच्छर मार दवा का छिड़काव करते हुए व गांव का तालाब
- फोटो : DHANAURA
अमरोहा जिले में डेंगू और बुखार का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। शहर से गांवों तक जहां डेंगू का प्रकोप फैला है। अब तक दो लोगों की डेंगू से मौत हो चुकी है। लोगों में दहशत का माहौल है। सरकारी अस्पतालों की ओपीडी से लेकर वार्डों तक मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। शनिवार को भी जिले में चार और मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। जबकि बुखार के 289 नए मरीज मिले हैं। डेंगू और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग के अफसरों के होश उड़े हैं।
जिले में डेंगू और वायरल बुखार के बढ़ते प्रकोप के चलते जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में रोज मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। शनिवार को अस्पताल में पर्ची बनवाने के लिए मरीजों की भीड़ रही। कुल 3432 मरीज पहुंचे। इसमें 289 बुखार के नए मरीज मिले। इसके अलावा टाइफाइड के सात और डायरिया के 27 मरीज मिले हैं। जबकि चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है। डेंगू के चार मरीजों को इलाज अस्पतालों में चल रहा है। वहीं चिकित्सकों ने ओपीडी में मरीजों को देखा और दवा दिलाई। दवाइयों के काउंटर पर भी मरीजों की भीड़ दिखाई दी। जिलेभर में अब तक डेंगू के 45 मरीज मिल चुके हैं। जबकि दो की मौत हो चुकी है। मौसम में फेरबदल के बाद भी डेंगू और बुखार का प्रकोप थम नहीं रहा है। ऐसे में डॉक्टरों ने सावधानी बरतने की हिदायत दी है।
सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि सरकारी अस्पतालों में शुक्रवार को बुखार के 289 नए मरीज मिले हैं। इसके अलावा सात मरीज टाइफाइड और 26 मरीज डायरिया के मिले हैं। जबकि चार मरीजों में डेंगू की पुष्टि हुई है।