अमरोहा। जनपद में डेंगू और बुखार का कहर लगातार जारी है। बुधवार को फिर डेंगू के 32 और बुखार के 298 मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग डेंगू और बुखार की रोकथाम में नाकाम हो गया है। मरीजों की संख्या में कमी नहीं आ रही है। डेंगू और बुखार के बढ़ते प्रकोप से विभागीय अधिकारी भी परेशान हो उठे हैं।
जनपद में प्रतिदिन डेंगू और बुखार के मरीज मिलने से स्वास्थ्य विभाग खलबली मची हुई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से किए जाने वाले सभी प्रयास फेल होते नजर आ रहे हैं। बुधवार को जनपद में 32 मरीज में डेंगू की पुष्टि हुई है।
सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि बुधवार को जनपद के सभी सरकारी अस्पतालों में ओपीडी में 3778 मरीज देखे गए। इनमें डेंगू के 32, बुखार के 298, डायरिया के 30, टाइफाइड 4 मरीज मिले हैं। वहीं कोविड-19 जांच के लिए 1174 लोगों के नमूने जांच को भेजे हैं। सीएमओ ने बताया कि डेंगू और बुखार से प्रभावित इलाकों में विभाग की ओर से कैंप लगाकर लोगों की जांच कर नि:शुल्क दवाई वितरण किया जा रहा है। इस काम के लिए गांव में आशा, आगंनबाड़ी वर्कर के साथ ही एएनएम को भी लगाया है। ताकि जांच उपरांत मरीजों को सही उपचार दिया जा सके।