गजरौला। ट्रैक्टर ट्राली से कुचलकर मजदूर उदयवीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने ट्रैक्टर ट्राली को कब्जे में ले लिया है। साथ ही मजदूर का शव पोस्टमार्टम के बाद परिवार वालों को सौंप दिया है।
शुक्रवार रात गजरौला औद्योगिक क्षेत्र में स्थित फ्लोर मिल में ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर गेहूं लाया गया था। वाहनों की लंबी कतारें लगी होने के कारण यह ट्रैक्टर ट्राली भी गेहूं उतार के लिए लाइन में लगा दी गई। अधिक रात होने के कारण ट्रैक्टर-ट्राली के साथ आया मजदूर उदयवीर निवासी निवासी खनूपुर पोस्ट फतेहगढ़ संभल ट्राली के नीचे ही सो गया। शनिवार सुबह साढ़े छह बजे मिल के अंदर जाने का नंबर आने पर ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर स्टार्ट कर आगे बढ़ा दिया। जिससे ट्राली के नीचे सो रहे मजदूर उदयवीर (30 वर्ष) की ट्राली के पहिये के नीचे कुचलकर मौत हो गई। इसको लेकर यहां हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। साथ ही ट्रैक्टर-ट्राली भी थाने में खड़ी करा दी। मजदूर की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस का कहना है कि अभी तहरीर नहीं मिली है, तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।